कटासा में संस्था की महत्वपूर्ण बैठक, लाडली कन्यादान योजना को गांव-गांव पहुंचाने का संकल्प
दरभंगा। कटासा स्थित मिथिला होटल में रविवार को संस्था की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के निदेशक एवं संस्थापक डॉ. संतोष कुमार सिंह ने की। बैठक में संस्था के कार्यों, उद्देश्यों एवं सामाजिक योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में प्रवीण कुमार, राजकुमारी देवी, सुनील चौपाल, भुवन जी एवं शिवशंकर भगत जी सहित संस्था से जुड़े कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी उपस्थित सदस्यों को संस्था के सामाजिक उद्देश्यों एवं आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी गई।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. संतोष कुमार सिंह ने संस्था के उद्देश्यों को विस्तार से समझाते हुए कहा कि संस्था का प्रयास समाज के जरूरतमंद परिवारों तक सामाजिक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विशेष रूप से लाडली कन्यादान सामूहिक विवाह योजना के बारे में जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से इसे अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन बिहार प्रदेश अध्यक्ष सुनील चौपाल ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लाडली कन्यादान योजना की जानकारी देने तथा पात्र परिवारों का पंजीकरण कराने के तरीके और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि योजना की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संस्था के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान संगठन के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। कालिगांव निवासी गौरी कांत झा जी को सिंहवाड़ा प्रखंड का प्रभार दिया गया, जबकि अजय साह जी को कालिगांव क्षेत्र का लाडली मित्र बनाया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों से उम्मीद जताई गई कि वे क्षेत्र में सक्रिय रहकर संस्था की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने संस्था के उद्देश्यों एवं लाडली कन्यादान योजना की पहल की सराहना की तथा संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक का समापन सामाजिक सेवा एवं जरूरतमंद परिवारों के सहयोग के संकल्प के साथ हुआ।
